छत्तीसगढ़राजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

8 माह के कारावास के बाद पहली बार कोरबा पहुंचेंगे अमित बघेल, दीपका में दिखेगा छत्तीसगढ़िया अस्मिता का बड़ा जुटान

कोरबा। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल 8 माह के कारावास के बाद पहली बार कोरबा जिले के प्रवास पर पहुंचेंगे। आगामी 30 अगस्त 2026 को उनका कोरबा आगमन होगा। इस दौरान वे दीपका में आयोजित छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के 7वें बछर भोजली तिहार एवं रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

अमित बघेल के कोरबा आगमन को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके स्वागत के लिए पाली, नुनेरा, तिवरता और दीपका में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।

पाली से शुरू होगा स्वागत का सिलसिला

जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार अमित बघेल सुबह करीब 8 बजे रायपुर से निजी वाहन द्वारा पाली के लिए रवाना होंगे और दोपहर लगभग 12:30 बजे पाली पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत एवं कार्यकर्ताओं से भेंट-मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

इसके बाद वे नुनेरा के बांधाखार आमा चौक पहुंचेंगे, जहां दोपहर करीब 1 बजे स्वागत एवं जनमानस से मुलाकात करेंगे।

तिवरता में समाधि स्थल पर करेंगे नमन

नुनेरा से तिवरता पहुंचने के बाद अमित बघेल स्वर्गीय दादा हीरा सिंह मरकाम के समाधि स्थल पर पहुंचकर नमन करेंगे। इसके बाद वे दीपका के लिए रवाना होंगे।

दोपहर करीब 2 बजे उनके दीपका के बजरंग चौक पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

गेवरा स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन

अमित बघेल दोपहर करीब 2:20 बजे गेवरा स्टेडियम, दीपका पहुंचेंगे। यहां वे छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा आयोजित 7वें बछर भोजली तिहार एवं रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, परंपरा और छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान से जुड़े विषयों को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिलेभर से पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, माता-बहनों एवं छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

स्थानीय अधिकारों के मुद्दों को लेकर मुखर रहे हैं अमित बघेल

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार अमित बघेल लंबे समय से जल-जंगल-जमीन, छत्तीसगढ़ी कला एवं संस्कृति के संरक्षण तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार, ठेकेदारी और उद्योगों में प्राथमिकता जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं।

उनके कोरबा प्रवास को इसी राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाले दीपका में उनका कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

पार्टी पदाधिकारियों ने की बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष सुरजीत सोनी, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे एवं जिला सचिव महावीर यादव ने जिलेभर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़िया समाज से दीपका पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला सचिव महावीर यादव द्वारा अमित बघेल के प्रवास की जानकारी जारी की गई है। प्रवास के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांत यदु के भी साथ उपस्थित रहने की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम एवं प्रस्तावित प्रवास की सूचना जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, कोरबा को भी प्रेषित किए जाने की जानकारी आयोजकों ने दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!