
कोरबा/पाली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर इंडियन पब्लिक स्कूल हेड ऑफिस पाली में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पाली, चैतमा, पोंड़ी और जटगा शाखाओं के साथ रामकृष्ण मिशन पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टॉफ ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी और शास्त्री के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इस दौरान उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया।

विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल किताबों तक सीमित नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ संस्कार, चरित्र और जिम्मेदारी की नींव भी मजबूत करता है। उन्होंने गांधीजी के सत्य-अहिंसा और शास्त्रीजी की सादगी व राष्ट्रसमर्पण को शिक्षकों के लिए अनुकरणीय बताया।
एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा ने शिक्षकों से समयबद्धता, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका सबसे अहम है।

जयंती के साथ प्रशिक्षण, शिक्षण को मिला नया आयाम
समारोह के साथ शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें आधुनिक शिक्षण पद्धति, कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों से प्रभावी संवाद, अनुशासन और सर्वांगीण विकास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।

प्रिंसिपल संतोष देवनाथ ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारकर विद्यार्थियों को बेहतर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं स्टॉफ ने राष्ट्रहित, सेवा, अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर बेहतर प्रयास करने का संकल्प लिया।



